कॉमर्स में मुस्कान और विज्ञान संकाय में चित्रा रही प्रथम
79.94 फीसदी के साथ 16वें स्थान पर रहा गुरुग्राम
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड ने सोमवार को दोपहर बाद तीन बजे 12वीं कक्षा का परीक्षा परिणाम घोषित किया। गुरुग्राम जिले का परिणाम 79.94 फीसदी रहा, जिसमें बेटियों ने टॉप किया है। आर्ट, कॉमर्स व विज्ञान तीनों संकाय में बेटियों ने प्रथम स्थान हासिल किया है। बोर्ड परीक्षा में टॉपर आई बेटियों की परिवार वालों और शिक्षकों ने प्रशंसा की। 12वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षा में गुरुग्राम के 12710 छात्र-छात्राओं ने पेपर दिए थे। जिले कुल 10160 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए और 2550 विद्यार्थी अनुत्तीर्ण रहे।
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल जैकबपुरा की 12वीं कक्षा की छात्रा तृप्ति चौहान ने 493 अंक लेकर गुरुग्राम टॉप किया है। स्कूल के प्रधानाचार्य सुशील कुमार कन्वा ने बताया कि उनके स्कूल की छात्रा ने जिले में सबसे ज्यादा अंक हासिल किए हैं। यह स्कूल के लिए गर्व की बात है। सभी शिक्षकों ने उत्तीर्ण छात्राओं को बधाई दी है। वहीं जिले के अलीपुर स्थित विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा मुस्कान ने कॉमर्स संकाय में 492 अंक और चित्रा ने विज्ञान संकाय में 484 अंक हासिल किए हैं। स्कूल के प्रधानाचार्य मामराज डागर ने दोनों छात्राओं सहित अन्य विद्यार्थियों को जीवन में सफलता हासिल करने की शुभकामनाएं दी। 12वीं कक्षा का परिणाम जारी होने के बाद सभी विद्यार्थियों ने अपने-अपने सहपाठियों का परीक्षा परिणाम साझा किया। पास होने वाले विद्यार्थियों को उनके शिक्षकों, परिवार वालों व सहपाठियों ने बधाई दी।
पास प्रतिशत घटा, गुरुग्राम जिला 16वें स्थान पर
हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की 12वीं कक्षा में गुरुग्राम 79.94 फीसदी अंकों के साथ 16वें स्थान पर रहा है। लेकिन बीते वर्ष 12वीं के बोर्ड परीक्षा परिणाम की अपेक्षा अबकी बार विद्यार्थियों के पास होने की संख्या में कमी आई। बीते सत्र में गुरुग्राम का परिणाम 85.15 फीसदी के साथ 19वें स्थान पर था। सोमवार को जारी परिणाम में गुरुग्राम के 12710 विद्यार्थियों में से 10160 पास और 2550 फेल हुए हैं। बीते सत्र में गुरुग्राम के 10899 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें 9280 पास हुए और 1130 विद्यार्थी फेल हुए थे।
सिविल सर्विसेज की तैयारी करेंगी तृप्ति चौहान
राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की छात्रा तृप्ति चौहान ने 493 अंक लेकर गुरुग्राम में टॉप किया है। आर्ट संकाय में 98.6 फीसदी अंक हासिल करने वाली तृप्ति अब सिविल सर्विसेज की तैयारी करेंगी। शहर के शिवाजी नगर में रहने वाली तृप्ति ने बताया कि स्कूल में पढ़ाई के साथ ही घर पर लगन व मेहनत से पढ़ाई की थी। पाठ्यक्रम में कुछ समझ नहीं आता था तो उसके बारे में शिक्षकों से पूछ लेती थी। तृप्ति के पिता संजय चौहान शहर के मशहूर छायाकार हैं व माता पिया चौहान गृहिणी हैं। तृप्ति ने कहा कि परिवार का काफी सहयोग रहा है। तृप्ति को पढ़ाई के अलावा ड्राइंग का भी काफी शौक है। उन्होंने बताया कि पढ़ाई में पाठ्यक्रम की विषय वार पढ़ाई की। तृप्ति ने हिंदी में 97, अंग्रेजी में 97, इतिहास में 100, फाइन आर्ट में 100 व ब्यूटी एंड वेलनेस में 99 अंक हासिल किए हैं।
सीए बनना चाहती है मुस्कान
जिले के अलीपुर स्थित विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा मुस्कान ने कॉमर्स संकाय में 492 अंक लेकर अपने संकाय में प्रथम व जिले में दूसरा स्थान हासिल किया हैै। मुस्कान सीए बनना चाहती है, जिसके लिए वह एक माह से काेचिंग ले रही है। मुस्कान ने बिना ट्यूशन ही स्कूल व घर पर पढ़ाई करके 98.4 फीसदी अंक प्राप्त किए हैं। उनके पिता रामफल गांव महेन्द्रवाड़ा के सरपंच और माता कविता गृहिणी है। मुस्कान के बड़े भाई ने 12वीं कक्षा में स्कूल में प्रथम स्थान हासिल किया था और वर्तमान में जीडी गोयनका विश्वविद्यालय से बीटेक कर रहा है। मुस्कान ने अंग्रेजी में 99, हिंदी में 99, बिजनेस स्टडीज में 98, अकाउंटेंसी में 100 व गणित में 96 अंक हासिल किए हैं।
चित्रा का कंप्यूटर क्षेत्र में करियर बनाने का लक्ष्य
जिले के अलीपुर स्थित विद्या निकेतन सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा चित्रा ने विज्ञान संकाय में 484 अंक लेकर अपने संकाय में प्रथम व जिले में तीसरा स्थान हासिल किया हैै। चित्रा कंप्यूटर क्षेत्र में अपना करियर बनाना चाहती है। मुस्कान ने बताया कि वह बीएससी या बीटेक में दाखिला लेगी। कॉलेज में दोनों संकायों में किसमें दाखिला मिलता है, इसके बाद ही भविष्य की योजना बनाई जाएगी। चित्रा ने स्कूल के साथ ही घर पर मेहनत व लगन से पढ़ाई की, जिसके परिणाम स्वरूप 96.8 फीसदी अंक प्राप्त किए। चित्रा के पिता अमर सिंह वेल्डिंग करने का कार्य करते हैं, जबकि माता सरिता गृहिणी है। उनके दो छोटे भाई दसवीं व आठवीं कक्षा में पढ़ते हैं। चित्रा ने अंग्रेजी में 100, हिंदी में 97, फिजिक्स में 100, कैमेस्ट्री में 98, गणित में 89 अंक हासिल किए हैं।