अमर उजाला ब्यूराे
गुरुग्राम। एल्विश यादव की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। जिला कोर्ट में एल्विश यादव के खिलाफ लगाई याचिका में गुरुग्राम में शूट किए गाने में सांप और जुआ खेलते हुए दिखाने का आरोप है। याचिकाकर्ता का आरोप है कि पुलिस से शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं की गई। इस पर कोर्ट ने पुलिस से जबाव मांगा है। इस मामले में दो दिसंबर को सुनवाई होगी।
पीपल फॉर एनिमल्स (पीएफए) के सदस्य सौरभ गुप्ता के वकील जुगल किशोर गुप्ता ने बताया कि कोर्ट में इसे लेकर लगाई याचिका लगाई है। इस पर कोर्ट ने सुनवाई करते हुए पुलिस से जवाब मांगा है। उनका कहना है कि पीएफए ने पहले ही पुलिस को सांप के साथ एल्विश के वीडियो शूट कराने की शिकायत दी थी। इस पर पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। अब इस मामले में सोमवार को सुनवाई हुई थी। एल्विश यादव पर आरोप है कि उनके 32 बोर नामक गाने के दौरान सांप को दर्शाया गया था। इसमें फाजिलपुरिया भी शामिल था। बता दें कि नोएडा में रेव पार्टी में सांपों का जहर सप्लाई करने के मामले में आरोपी एल्विश यादव है। इसकी जांच नोएडा पुलिस कर रही है।