संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। नगर परिषद की ओर से हरियाणा सरकार और इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन के सहयोग से नगर निकायों के निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के लिए एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन आज किया जा रहा है। यह कार्यक्रम सुबह 9:30 बजे मोनार्क बैंक्वेट गांव अगवापुर में आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम का उद्घाटन नगर परिषद पलवल के चेयरमैन डॉ. यशपाल करेंगे। उद्घाटन सत्र में पूर्व केंद्रीय सचिव एसएन. त्रिपाठी, जिला नगर आयुक्त मनीषा शर्मा तथा आईआईपीए के वरिष्ठ विशेषज्ञ मौजूद रहेंगे। इस प्रशिक्षण का उद्देश्य पार्षदों को शहरी प्रशासन, पारदर्शिता, जनसहभागिता और नेतृत्व विकास के आधुनिक आयामों से जोड़ना है। प्रशिक्षण में लीडरशिप क्वालिटी, नगर सेवा प्रबंधन, सीएसआर/ पीपीपी मॉडल और सहभागी बजट प्रक्रिया जैसे विषयों पर चर्चा होगी। पलवल, होडल और हथीन के नगर निकायों से जुड़े पार्षद इसमें भाग लेंगे।