अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। डीसीपी ट्रैफिक विरेंद्र विज के निर्देशन में यातायात पुलिस ने जागरूकता अभियान की पाठशाला लगाते हुए मॉल कर्मचारियों, दुकानदारों, आम नागरिकों और ब्लिंकिट कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की शपथ दिलाई।
एसीपी ट्रैफिक सुखबीर सिंह की देखरेख में इंस्पेक्टर देवेंद्र कुमार, जोनल अधिकारी महेश कुमार व आरएसओ टीम द्वारा सेक्टर-37 के एस्पेंडलिश मॉल में कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें करीब 150 एसएलवी गार्ड व हाउस कीपिंग स्टॉफ को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। सभी कर्मियों को यातायात के नियमों, नशामुक्ति, अपने वाहनों को दी गई निर्धारित स्पीड के अनुसार ही चलाने व वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग न करने सहित विभिन्न प्रकार के यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
वहीं, दूसरा सड़क सुरक्षा जागरूकता का कार्यक्रम एसीपी ट्रैफिक हाईवे/मुख्यालय सुरेश कुमार की देखरेख में इंस्पेक्टर राहुल देव व जोनल अधिकारी सतेंद्र द्वारा वाटिका चौक पर आयोजित कराया गया। इसमें दुकानदारों, आम नागरिकों व ब्लिंकिट कर्मचारियों को यातायात के नियमों के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम में करीब 150 लोग मौजूद रहें। इस दौरान सभी को डायल 112 व हेल्पलाइन 1095 के बारे में भी जानकारी दी गई। सभी कर्मचारियों को रॉन्ग साइड ड्राईविंग ना करने, वाहन चलाते समय मोबाइल का इस्तेमाल न करने, जेब्रा क्रॉसिंग, और रेड लाइट आदि अनेक यातायात नियमों की जानकारी देकर जागरूक किया गया। मौजूद सभी लोगों को सड़क सुरक्षा जागरूकता की शपथ भी दिलाई गई।