शहर में जलभराव से दुकानें हुई बंद, व्यापारियों काे लाखों का नुकसान
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। क्षेत्र में शनिवार को लगातार तीन घंटे हुई मूसलाधार बरसात ने नगर परिषद सोहना के दावों की पोल खोलकर रख दी। मूसलाधार बरसात ने सोहना शहर की दशा बिगाड़ कर रख दी। बाजार में दुकानों में पानी भर गया, जिससे जहां व्यापारियों का लाखों रुपये का सामान खराब हो गया है।
बरसात से पुरानी सब्जी मंडी, अस्पताल रोड, मेन गुरुग्राम अलवर रोड, बस स्टैंड, पंजाबी धर्मशाला रोड, तावडू रोड के साथ- साथ पलवल रोड, शनि मंदिर के पास जलभराव इतना हो गया कि व्यापारी अपनी दुकानें बंद कर घर चले गए। सैकड़ों व्यापारियों का दुकानों में पानी भरने से लाखों रुपयों का नुकसान हो गया। सड़कों पर जलभराव होने के कारण लोगों को आवागमन में काफी परेशानी हुई। सड़कों पर जलभराव के कारण वाहन बंद हो गए। दोपहिया वाहनों को लोग खीेंचकर पानी से निकालते दिखाई दिए।
व्यापार मंडल संघ के प्रधान मनोज राघव बजरंगी, पूर्व पार्षद बालू राम सैनी, सुभाष बंसल डेयरी वाले, गौरव सिंगला, परमिंदर पार्षद, मुकेश जैन, ललित जिंदल का कहना है कि जब नगर परिषद पिछले एक सप्ताह से नालों की सफाई करने में जुटा था तो अब यहां पर जलभराव कैसा हुआ। इससे लगता है कि नालों की सही ढंग से सफाई नहीं सकी थी। उन्होंने बताया कि केनरा बैंक के पास बड़ी पुलिया पूरी तरह ब्लॉक है जो अभी तक साफ नहीं हुई। यहां पानी रुकने से बरसात का पानी बैक मार जाता है। इसका कोई स्थायी समाधान नहीं हो पाया। जलभराव की समस्या को लेकर नगर परिषद की ईओ निशा शर्मा के मोबाइल पर संपर्क किया तो उन्होंने फोन नहीं उठाया।
सोहना में हुई बरसात के दौरान सड़क पर भरे पानी से निकलते लोग।
सोहना में हुई बरसात के दौरान सड़क पर भरे पानी से निकलते लोग।
सोहना में हुई बरसात के दौरान सड़क पर भरे पानी से निकलते लोग।