हादसे में युवक की एक आंख की रोशनी पूरी तरह चली गई थी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। कहासुनी होने पर युवक के चेहरे पर टायलेट क्लीनर (तेजाब) फेंकने वाली आरोपी महिला की जमानत याचिका जिला अदालत ने तीसरी बार खारिज कर दी है। हादसे मे युवक की एक आंख की रोशनी पूरी तरह चली गई थी। पीड़ित दीपक की रोमा पांडेय नाम की महिला से करीब 18 महीने पहले दोस्ती हुई थी। दो अगस्त 2025 की रात आरोपी उसके डीएलएफ फेज-4 स्थित कमरे पर आई। दोनों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद रात करीब दो बजे वह वहां से चली गई। इसके बाद सुबह करीब चार बजे वह वापस आई और दीपक के ऊपर हमला कर दिया। अदालत ने पाया कि 17 गवाहों में से 14 की गवाही दर्ज हो चुकी है। शेष गवाहों के बयान 26 नवंबर 2026 को दर्ज होंगे। एफएसएल रिपोर्ट में भी बरामद बोतल और मग में हाइड्रोक्लोरिक एसिड की पुष्टि हुई है। आरोपी दो जनवरी 2026 से न्यायिक हिरासत में है। इससे पहले भी उसकी जमानत याचिकाएं खारिज हो चुकी हैं।