बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे हुआ हादसा, ठेकेदार फरार, पुलिस ने दर्ज किया मामला
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सेक्टर-40 थाना क्षेत्र के सेक्टर 45 में बेसमेंट की खोदाई के दौरान मिट्टी ढहने से तीन श्रमिक दब गए। घायल श्रमिकों को तत्काल ही अस्पताल ले जाया गया। जहां उपचार के दौरान ही एक श्रमिक की मौत हो गई। जबकि प्राथमिक उपचार के बाद दो श्रमिकों को छुट्टी दे दी गई।पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने ठेकेदार पर केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। हादसे के बाद से ही ठेकेदार फरार है।
पुलिस के अनुसार घटना बृहस्पतिवार की शाम करीब पांच बजे की है। मध्य प्रदेश के दमोह के गांव रेवरिया निवासी 42 वर्षीय लीलू बंसल सेक्टर-45 के एक प्लॉट में बेसमेंट की खोदाई कर रहा था। उसके साथ पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी खुशवर और बिहार के खगड़िया निवासी लल्लन भी काम कर रहे थे। इसी दौरान मिट्टी की ढांग ढह गई और तीनों मिट्टी में दब गए। हादसे की खबर मिलते ही आनन-फानन पुलिस व जिला प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों ने मिट्टी में दबे तीनों श्रमिकों को बाहर निकाला और निकट के अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने लीलू बंसल को मृत घोषित कर दिया। वहीं खुशवर और लल्लन को उपचार के बाद घर भेज दिया गया। लीलू बंसल सेक्टर-45 में ही अपने परिवार के साथ रहता था। परिजनों का आरोप है कि ठेकेदार द्वारा उन्हें सुरक्षा उपकरण मुहैया नहीं कराए गए। जिसके चलते हादसा हुआ और लीलू बंसल की मौत हो गई। पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी।