- सोलर लाइट के लिए पोल लगाने जा रहे थे मजदूर
- सोहना पुलिस ने किया गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। सोहना के गांव समरथला में सोलर लाइट के लिए पोल लगाने गए तीन मजदूरों को करंट लग गया। करंट इतना जोरदार था कि तीनों करीब पांच फीट दूर जा गिरे। इस घटना में एक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही सोहना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल की शिकायत पर ठेकेदार के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का केस दर्ज कर लिया है।
पुलिस को दी शिकायत में चरखी दादरी के रहने वाले सूरज ने बताया कि वह ठेकेदार सुधीर के पास कार्य करते हैं। ठेकेदार ने उन्हें गांव समरथला में सोलर लाइट का पोल लगाने के लिए कहा था। यह कार्य शाम पांच बजे तक पूरा करना था। इस कार्य के लिए वह अपने साथी मोनू व जीतू के साथ पोल को कंधे में रखकर ले जा रहे थे। रास्ते में जाते हुए यह पोल बिजली के तार में टच हो गया। इससे तीनों को अचानक जोरदार बिजली का झटका लगा और तीनों ही करीब पांच फीट दूर जाकर गिरे। इस घटना में मोनू गंभीर रूप से घायल हो गया जिसे निजी अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।