मानेसर। नगर निगम मानेसर की प्रवर्तन शाखा ने अवैध निर्माण और नियमों के विरुद्ध संचालित गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मंगलवार को गांव भांगरौला और नवादा में अभियान चलाया। भांगरौला में अवैध रूप से संचालित तीन रेडी मिक्स प्लांट (आरएमसी) को सील कर दिया। इसके अलावा गांव में अवैध रूप से बनाई गईं 50 झुग्गियों को ध्वस्त किया। गांव नवादा में भी एक अवैध वेयरहाउस को जमींदोज किया। संयुक्त आयुक्त पुनीत कुमार ने बताया कि अवैध निर्माणों के खिलाफ अभियान में अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई की जा रही है। निगम क्षेत्र में संचालित गतिविधियों और अनधिकृत निर्माणों के खिलाफ सख्ती की जाएगी। ब्यूरो