गोरक्षकों का आरोप, पीछा करने पर तस्करों ने चलाई गोली
तस्करों की स्कॉर्पियो के थे काले शीशे, पुलिस का लगा था स्टीकर
संवाद न्यूज एजेंसी
फर्रुखनगर। सोमवार सुबह केएमपी पर गो-तस्करों से गो रक्षकों ने तीन गाय व एक बछिया को मुक्त करा लिया। तस्कर काले शीशे की स्कॉर्पियो पर पुलिस का स्टीकर लगाकर गो तस्करी कर रहे थे। गो रक्षकों का आरोप है कि उनके द्वारा पीछा किए जाने पर गो-तस्करों ने उन पर गोली भी चलाई, हालांकि वह बच गए। गाड़ी का टायर फटने के बाद गो-तस्कर गाड़ी हाईवे पर छोड़कर फरार हो गए। गो रक्षक की शिकायत पर फर्रुखनगर थाना पुलिस ने जानलेवा हमला, आर्म्स एक्ट के साथ अन्य धाराओं में मामला दर्ज करते हुए आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
रेवाड़ी निवासी टिंकू ने पुलिस को बताया कि वह बजरंग दल का कार्यकर्ता है। सोमवार अल सुबह उन्हें सूचना मिली थी कि सांपला से केएमपी से होती हुई जाने वाली काली स्कॉर्पियो में गो-तस्कर गोवंश लेकर जाएंगे। इस पर वह अपनी टीम के साथ फर्रुखनगर टोल पर खड़े हो गए। सुबह करीब पांच बजे उन्हें काले शीशे वाली स्काॅर्पियो आती दिखाई दी। इसके बाद उन्होंने गाड़ी का पीछा करना शुरू किया। गो तस्करों ने की गाड़ी के शीशे काले थे और पुलिस का स्टीकर भी लगाया हुआ था। उनका कहना है कि गाड़ी का नंबर भी फर्जी है। गो तस्करों ने बचने के लिए गो रक्षकों पर गोली भी चलाई। तस्करों ने गाड़ी को डिवाइडर फांदकर दूसरी ओर ले जाने की कोशिश की तो गाड़ी का टायर फट गया। इसके बाद वह गाड़ी को हाईवे पर छोड़कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए। पुलिस ने गाड़ी की जांच की तो उसमें तीन गाय व एक बछिया को रस्सी से बांधकर रखा गया था।