गुरुग्राम। गांव बासपदमका में युवक के साथ मारपीट कर उसे गोली मारने के मामले में पुलिस ने जैवलिन थ्रो के नेशनल खिलाड़ी व टेनिस कोच समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूर्व में हुई कुत्तों की लड़ाई में एक कुत्ते की मौत के बाद आरोपी और पीड़ित के बीच रंजिश हो गई थी। इसके बाद आरोपियों ने विगत 26 फरवरी को युवक को गोली मारी थी। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में राजकमल ने कहा कि वह 26 फरवरी को वह अपने दो दोस्तों के साथ गांव बॉसपदमका, पटौदी गया था। जहां पर डेविड, आनंद व भूपेंद्र उर्फ भीम पहले से मौजूद थे। आनंद के साथ उसकी करीब दस दिन पहले फोन पर कहासुनी हुई थी, जिस पर आनंद ने इसे जान से मारने की धमकी दी थी। आनंद ने इसे पकड़ लिया और भूपेंद्र उर्फ भीम ने इसके साथ मारपीट की। उसके बाद हितेश उर्फ डेविड ने इसको गोली मार दी। गोली राजकमल के हाथ व पेट में लगी। पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
वहीं, क्राइम ब्रांच सेक्टर- 39 के प्रभारी पंकज कुमार की टीम ने ने बताया कि हितेश उर्फ डेविड, आनंदकुमार व भूपेन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी हितेश उर्फ डेविड व आनंद कुमार को गत 28 फरवरी को पलवल से गिरफ्तार किया। जबकि भूपेन्द्र उर्फ भीम को बृहस्पतिवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि आनंद कुमार नोएडा में एक टेनिस एकेडमी में टेनिस सिखाता है। वहीं हितेश जैवलिन थ्रो का नेशनल खिलाड़ी है और वर्ष 2021 में उसने गोवा गेम्स में भी हिस्सा लिया था। जबकि आरोपी भूपेन्द्र उर्फ भीम एक टोल प्लाजा पर नौकरी करता है।
कुत्तों की लड़ाई में हुई रंजिश
एसीपी क्राइम प्रीतपाल सांगवान के अनुसार पूछताछ में सामने आया कि पीड़ित राजकमल ने व्हाट्सअप पर एक ग्रुप बनाया हुआ है। जिसमें काफी लोग जुड़े हुए हैं और इस ग्रुप के सभी मेम्बर कुत्ते पालने के शौकीन हैं। वह भी कुत्तों की लड़ाई करवाते हैं। करीब एक माह पहले कुत्तों की लड़ाई के दौरान आनंद का कुत्ता मर गया था। इसके बाद ग्रुप में कुछ कटाक्ष भरे मैसेज किए गए थे। इन मैसेज के बाद ग्रुप पर ही गाली-गलौच होने लगी। उसके बाद राजकमल ने आरोपियों को ग्रुप से निकाल दिया था। आरोपी आनंद इस बात को लेकर राजकमल से रंजिश रखने लगा। गत 26 फरवरी को पटौदी के पास एक गांव में पीड़ित के साथ मारपीट कर गोली मार दी थी। गोली राजकमल के हाथ व पेट में लगी। इसी दौरान एक गोली रात के अंधेरे में आरोपियों के साथी भूपेन्द्र उर्फ भीम को भी लग गई।