गुरुग्राम विवि में नए शैक्षणिक सत्र से मल्टीपल एंट्री-एग्जिट विकल्प मिलेगा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। पढ़ाई बीच में छोड़ने के बाद भी गुरुग्राम विश्वविद्यालय के छात्र पांच साल के अंदर अपनी डिग्री की पढ़ाई पूरी कर सकेंगे। नई शिक्षा नीति-2020 (एनईपी-2020) का लाभ गुरुग्राम विश्वविद्यालय के छात्रों को आगामी शैक्षणिक सत्र से मिलने लगेगा।
शुरुआती दौर में मास्टर डिग्री कोर्स के लिए यह विकल्प लागू होगा। स्नातक डिग्री कोर्स के लिए भी ड्राफ्ट तैयार किया जा रहा है। तय समय में ड्राफ्ट पूरा होने पर छात्रों को स्नातक डिग्री में भी यह लाभ मिल सकेगा। फिलहाल विवि में मास्टर डिग्री के साथ एनईपी-2020 को लागू करने की तैयारी है। जिले के 67 कॉलेज व इंस्टीट्यूट गुरुग्राम विवि से संबद्ध हैं। विवि की नई नीति का लाभ सभी कॉलेज के छात्रों को मिलेगा। हालांकि यह लाभ फिलहाल मास्टर डिग्री कोर्स करने वाले छात्र ही ले सकेंगे। इसके अलावा गुरुग्राम विवि से सीधे मास्टर डिग्री करने वाले छात्र भी नए बदलाव से लाभ ले सकेंगे।
पहले साल की पढ़ाई में नहीं मिलेगा कोई विकल्प
मास्टर डिग्री के कोर्स में दो साल की पढ़ाई के बाद छात्र को डिग्री से नवाजा जाता है। एनईपी-2020 के तहत भी छात्र को पहले साल की पढ़ाई पूरी करनी होगी। इसके बाद ही वह एंट्री एग्जिट विकल्प का लाभ ले सकेगा।
एनईपी 2020 का लाभ नए सत्र से दिया जाएगा। इसके लिए सभी जरूरी बदलाव ड्राफ्ट तैयार किए जा रहे हैं। मास्टर डिग्री के लिए प्राथमिक तैयारी की जा चुकी है। स्नातक डिग्री के ड्राफ्ट पर भी काम किया जा रहा है।
प्रोफेसर दिनेश कुमार, कुलपति, गुरुग्राम विवि