बीपीएल कॉलोनी में बड़ा और आईटीआई में छोटा बूस्टर बनकर तैयार, 20 हजार लोगों को मिलेगा फायदा
कैप्शन: नगीना बीपीएल कॉलोनी में बना नवनिर्मित वाटर बूस्टर
राजूद्दीन जंग
नगीना। गर्मियों में उत्पन्न होने वाले पेयजल संकट से इस बार नगीना कस्बा व बड़कली चौक पर बसे घरों को पूरी तरह से निजात मिलने की उम्मीद जगी है। हरियाणा सरकार ने रेनीवैल योजना के अंतर्गत नगीना की बीपीएल कॉलोनी में 4 लाख लीटर का वाटर बूस्टर बनाया है। जबकि बड़कली चौक पर बसे सैंकड़ों घरों को नगीना आईटीआई में बने 2 लाख लीटर के वाटर बूस्टर से सप्लाई होगी। दोनों बूस्टरों को बनाने और पाइपलाइन पर 2 करोड़ 63 लाख रुपए का खर्चा आया है। अगले तीन साल तक बूस्टरों के रखरखाव पर एक करोड़ रुपए का अतिरिक्त खर्चा होगा। कुल मिलाकर 3 करोड़ 65 लाख रुपए का बजट नगीना व बड़कली चौक की पेयजल सप्लाई को दुरुस्त करने पर खर्च किया गया है। जन स्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग नूंह के 5 वाटर बूस्टर नगीना में बने हुए हैं, जो कस्बे की 20 हजार से अधिक आबादी को पेयजल की आपूर्ति करते हैं। नए बूस्टर बनने से पानी की समस्या झेल रहे मोहल्लों को भी पर्याप्त मात्रा में पेयजल मिलना शुरू हो जाएगा। पता चला है कि अगले महीने ठेकेदार विभाग को नए बूस्टर सौंप देगा और अगले तीन साल तक रखरखाव का कार्य भी संभालेगा। नगीना के सरपंच नसीम खान, समाजसेवी कुतुबुद्दीन, शिक्षाविद अब्दुल सत्तार, मेहरचंद जैन, वरिष्ठ अधिवक्ता सुबोध कुमार जैन का कहना है कि नगीना कस्बा पेयजल संकट से जूझ रहा है। अब लंबे समय बाद नगीना की पुरानी की समस्या जड़ से समाप्त होगी।
रेनीवैल परियोजना नगीना का कार्य देख रहे जूनियर इंजीनियर मुफीद खान बताते हैं कि नगीना कस्बे में बनाए गए दो वाटर बूस्टरों पर 3 करोड़ 65 लाख रुपए का खर्चा रखरखाव समेत किया गया है। विभाग के इस कदम से पेयजल किल्लत दूर हो जाएगी। जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के एसडीई त्रिलोक मंगला ने बताया कि नगीना क्षेत्र के 52 गांवों के लिए हरियाणा सरकार की 228 करोड़ रुपए की रेनीवैल परियोजना का कार्य अंतिम चरण में चल रहा है। नगीना में दो नए बूस्टर समेत 7 बूस्टर हो गए हैं जिससे कस्बे की पेयजल सप्लाई बेहतर तरीके से होगी।