तीसरी मेरिट सूची तक ही आरक्षित सीटों पर होंगे दाखिले
चौथी मेरिट में सिर्फ सामान्य श्रेणी के तहत दाखिले होंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) की दाखिला प्रक्रिया के तहत तीसरी मेरिट सूची मंगलवार को जारी होगी। दो मेरिट सूची के बाद राजकीय माॅडल आईटीआई सेक्टर-14 में 30 फीसदी और राजकीय महिला आईटीआई में 25 फीसदी सीटों पर दाखिले हुए हैं। कौशल विकास और औद्योगिक प्रशिक्षण विभाग हरियाणा के नियमानुसार चौथी मेरिट सूची जारी होने से पहले ही आरक्षित सीटों को सामान्य सीटों में बदल दिया जाएगा।
आईटीआई में कुल सीटों में से अनुसूचित जाति के लिए 20 फीसदी, बीसीए के लिए 16 फीसदी, बीसीबी के लिए 11 फीसदी, ईडब्ल्यूएस के लिए 10 फीसदी, दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए चार फीसदी सीटों पर आरक्षण है। ऐसे में ईडब्ल्यूएस, एससी, बीसीए, बीसीबी वर्ग के विद्यार्थियों को तीसरी मेरिट सूची में ही आरक्षित सीटों पर दाखिले लेने होंगे। तीसरी मेरिट के बाद उनको आरक्षण का लाभ नहीं मिल पाएगा। चौथी मेरिट सूची में सिर्फ सामान्य श्रेणी में अलॉट सीटों पर दाखिले होंगे।
शैक्षणिक सत्र 2023-24 के तहत राजकीय माॅडल आईटीआई सेक्टर-14 में 25 ट्रेडों की 904 सीटों पर और राजकीय महिला आईटीआई सेक्टर-14 में 10 ट्रेडों की 252 सीटों पर दाखिले होने हैं। राजकीय महिला आईटीआई के प्राचार्य जेपी यादव ने बताया कि 18 जुलाई को तीसरी मेरिट सूची जारी होगी। 18 से 21 जुलाई तक विद्यार्थियों के दस्तावेज का सत्यापन किया जाएगा और 22 जुलाई तक फीस जमा कराने का समय मिलेगा। 28 जुलाई को चौथी मेरिट सूची जारी होगी, जिसमें चार अगस्त तक ऑनलाइन फीस जमा कराकर विद्यार्थी दाखिला ले सकेंगे।