इस दिन भगवान विष्णु चातुर्मास में शयन के बाद योग निद्रा से जागते और शुभ कार्यों का आगाज होता है
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु के योग निद्रा से उठने और शुभ कार्यों की शुरुआत की धूमधाम शहर की सड़कों पर साफ नजर आई। बैंड, बाजे के साथ सफेद घोड़ी और रथों पर सजे दुल्हे, पूरी मेहनत से सजाए गए खूबसूरत उत्सव गार्डन और सड़कों पर बरात में नाचते बरातियों की मस्ती में शहर मगन हो उठा। शादियों के कारण शहर में जाम की स्थिति रही।
बैंड वाले बहारों फूल बरसाओ मेरा महबूब आया है.. से लेकर आज मेरे यार की शादी है .. ऐसा लगता है जैसे सारे संसार की शादी है.. ये देश है वीर जवानों का अलबेलों का मस्तानों का.. जैसे डांस नंबर बजाकर बरातियों के साथ राहगीरों को भी नचा रहे थे। देवोत्थान एकादशी यानी शुभ कार्य शुरू होने वाले दिन की रात शहर में कुछ इसी तरह की रही। शहर में काफी संख्या में जोड़े जीवन भर के पवित्र बंधन में बंधे।
ऐसी मान्यता है कि देवोत्थान एकादशी के दिन भगवान विष्णु चातुर्मास में शयन के बाद योग निद्रा से जागते और सारे शुभ कार्यों का आगाज होता है। इस दिन की शादियां काफी शुभ मानी गई हैं। शहर में बृहस्पतिवार को शादियों की धूम रही। रेलवे रोड पर चिंतपूर्णी मंदिर के पास, एमजी रोड पर सिकंदरपुर चौक के पास के फूल बाजारों में कई गाड़ियां फूलों से सज रही थीं। न्यू कॉलोनी और पटौदी रोड के बैंड वाले अपनी अलबेली पोशाकों और बाजों को संवारने में जुटे थे। इवेंट मैनेजर से लेकर कैटरर और फ्लोरिस्ट तक सबके लिए देवोत्थान एकादशी आर्थिक समृद्धि की एक उम्मीद लेकर आई है। कई घरों में गृह प्रवेश और पूजन का कार्यक्रम चल रहा था।
ओल्ड दिल्ली रोड, शीतला माता रोड, गुरुग्राम दिल्ली बार्डर, सोहना रोड आदि में सड़कों पर बरातियों और डांस से रास्तों में जाम लग गया। एमजी रोड, दिल्ली गुरुग्राम बार्डर, पुरानी दिल्ली रोड, शीतला माता रोड की वाटिकाओं के सामने जाम लगे। शीतला माता मंदिर के रास्ते, ओल्ड दिल्ली रोड, दिल्ली गुरुग्राम सरहोल बार्डर, द्वारका एक्सप्रेस, सोहना रोड के सर्विस लेन, बादशाहपुर, कापसहेड़ा बार्डर, रेजांगला चौके से बृजवासन की ओर जाने वाले रास्तों पर शाम से ही रेंग रेंग कर वाहन चलने लगे थे। गाड़ियों की लाइनें लगी थी। शाम से ही दिल्ली और गुरुग्राम के बीच जो रास्ता आधे पौने घंटे में तय होता है,वहां लोगों को दो-दो घंटे लगे।
शोर से होती है परेशानी, जाम से जूझने की विवशता
डीएलएफ फेज थ्री और एंबीयंस लगून अपार्टमेंट के निवासियों ने बताया कि अपार्टमेंट के पास एक पंच तारा होटल और दो और बड़े शादी के वेन्यू हैं। होटल के स्वीमिंग पूल के पास शादी और ऐसे अवसर पर तेज आवाज में गाने बजने से सोसाइटी के लोगों को काफी दिक्कत आती है। दो और शादियों के लॉन साथ में होने के कारण शादी वाले दिन काफी जाम लगता है और शोर शराबा होता है। आम निवासियों को खास तौर पर बुजुर्गों और बीमारों को काफी दिक्कत होती है।