ज्योति पार्क में किराया नहीं देने पर मकान मालिक ने घर के मुख्य दरवाजे पर ताला लगा दिया। इस पर किरायेदार ताला तोड़ने लगा। मकान मालिक ने इसका विरोध किया तो किरायेदार ने उसकी पिटाई कर दी। परिजनों के बीच-बचाव करने पर आरोपी की मां ने भी उन पर हमला कर दिया। पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-14 थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
राजीव नगर निवासी दिलीप सैनी ने बताया कि उन्होंने पिछले साल नौ नवंबर को एक फ्लोर तुषार चौधरी को किराये पर दिया था। किरायानामा में यह शर्त थी कि अगर उन्होंने तीन महीने तक किराया नहीं दिया तो किरायानामा रद्द माना जाएगा।
पीड़ित का आरोप है कि तुषार ने न तो बिजली का बिल दिया न ही पानी का। इसके साथ ही किराया भी देरी से देता था। आखिरी किराया 25 अप्रैल को दिया था। किराया नहीं देने पर तुषार को मकान खाली करने का नोटिस दिया। कुछ दिनों के लिए वह मकान पर नहीं आया तो उन्होंने गेट पर ताला लगा दिया।
पांच अगस्त को तुषार मां के साथ आया। गेट पर लगे ताले को हथौड़े से तोड़ने लगा। पीड़ित ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने हथौड़े से ही हमला करने लगा। इसी दौरान पीड़ित का दामाद और पत्नी ने बचाने की कोशिश की तो आरोपी के मां ने मारपीट करनी शुरू कर दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।