- सेक्टर-51 स्थित बूस्टिंग स्टेशन से बुधवार सुबह 8 बजे ही पानी की सप्लाई की गई शुरू
- वाटिका चौक पर अंडरपास निर्माण के चलते किया गया था लाइन शिफ्ट करने का काम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। वाटिका चौक पर अंडरपास के निर्माण के चलते मास्टर पाइपलाइन को शिफ्ट किए जाने का काम गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) ने निर्धारित समय से 10 धंटे पहले ही पूरा करके पानी की आपूर्ति को सुचारू कर दिया। बुधवार शाम छह बजे तक आपूर्ति बंद करने की घोषणा की गई थी, लेकिन पूरी रात काम करके प्राधिकरण ने बुधवार की सुबह 8 बजे पानी की आपूर्ति को सुचारू कर दिया।
जीएमडीए को बिछाई गई अपनी 1400 मिमी डायमीटर मास्टर जल आपूर्ति पाइपलाइन को शिफ्ट करना था। इसके लिए मंगलवार की सुबह छह बजे सेक्टर- 51 स्थित बूस्टिंग स्टेशन से पानी की सप्लाई रोक दी गई थी। निर्धारित समय सीमा के भीतर काम पूरा करने के लिए 24 घंटे काम किया। टीम द्वारा किए गए प्रयासों के कारण, निर्धारित समय सीमा से बहुत पहले ही काम पूरा हो गया। सुबह 8 बजे तक सभी कनेक्शनों को बूस्टिंग स्टेशन-51 से पानी की आपूर्ति फिर से शुरू कर दी गई थी।
नागरिकों को 36 घंटे के जल आपूर्ति बंद का सामना नहीं करना पड़ा। पानी आपूर्ति बंद होने से शहर के 33 सेक्टर और अन्य इलाकों में लाखों की आबादी प्रभावित रही। इनमें सेक्टर-42, 43, 44, 45, 46, 47, 48, 49, 50, 50, 51, 52, 53, 54, 55, 56, 57, 58, 59, 60, 61, 62, 63, 64, 65, 66, 67, 69, 70, 71, 72, 73, 74, गांव बादशाहपुर सहित अन्य सेक्टर शामिल रहे।