न्यू गुरुग्राम। सेक्टर-107 स्थित सिग्नेचर ग्लोबल सोलेरा सोसाइटी के निवासियों को जल्द ही जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है। बिल्डर की ओर से सोसाइटी के मुख्य गेट के सामने सड़क का पुनर्निर्माण कराया जा रहा है। इसके तहत सड़क को करीब दो फीट तक ऊंचा किया जा रहा है, ताकि बारिश का पानी सोसाइटी के गेट तक न आ सके। निवासियों ने बताया कि हर बारिश में मुख्य गेट के पास पानी भर जाने से लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों को आवाजाही करने में परेशानी हो रही थी। कई बार जलभराव के कारण सोसाइटी में गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। वहीं, निवासियों का निकलना भी मुश्किल हो जाता था। निवासियों की ओर से लंबे समय से इस समस्या के समाधान की मांग की जा रही थी। सोसाइटी के जनरल सेक्रेटरी डॉ. प्रदीप कुमार और निवासी स्मृति का कहना है कि बिल्डर की ओर से सड़क को ऊंचा कर नए सिरे से बनाया जा रहा है। इससे बारिश का पानी आसानी से निकलेगा और भविष्य में मुख्य गेट पर जलभराव की समस्या काफी हद तक खत्म होने की उम्मीद है। संवाद