गुरुग्राम। मिलेनियम सिटी में बीते दो दिन से हो रही बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी, उमस और गर्म हवाओं से राहत दिलाई है। मंगलवार तड़के से ही आसमान में बादल छाए रहे और सुबह करीब आठ बजे तेज बारिश शुरू हुई, जिससे मौसम सुहावना हो गया। बारिश और ठंडी हवाओं के कारण दिनभर तापमान सामान्य से नीचे बना रहा। हालांकि दोपहर बाद धूप निकलने से हल्की गर्मी और चुभन महसूस हुई। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार, गुरुग्राम में चार मिमी वर्षा दर्ज की गई। इसके अलावा कादीपुर और हरसरू में 2-2 मिमी, पटौदी में 10 मिमी और फर्रुखनगर में 3 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि मानेसर में हल्की बूंदाबांदी हुई। मौसम विभाग ने आगामी तीन दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। बारिश के असर से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मंगलवार को अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 4 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। विभाग ने 19 और 20 जून के लिए भी बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। आगामी दिनों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, हालांकि बीच-बीच में बारिश जारी रहने की संभावना बनी हुई है। संवाद