जीएमडीए ने जारी की एडवाइजरी, 33 सेक्टर होंगे प्रभावित
अंडरपास के निर्माण के चलते मास्टर सप्लाई को शिफ्ट करने का किया जाएगा काम
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। निर्माणाधीन वाटिका चौक अंडरपास के निर्माण के कारण मास्टर वाटर सप्लाई लाइन को शिफ्ट किया जाएगा। इस वजह से अगले हफ्ते 12 सितंबर की सुबह छह बजे से लेकर 13 सितंबर की शाम छह बजे तक यहां पानी की सप्लाई बंद रहेगी। ऐसे में 33 सेक्टरों की लाखों की आबादी के लिए पानी की सप्लाई 36 घंटे के लिए प्रभावित रहेगी। इस संंबंध में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) ने एडवाइजरी जारी की है।
जीएमडीए की ओर से कहा गया है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा वाटिका चौक पर अंडरपास बनाने का काम चल रहा है और इसके लिए मास्टर वाटर सप्लाई लाइन को शिफ्ट किया जा रहा है। इससे सेक्टर-51 बूस्टिंग स्टेशन से 12 सितंबर सुुबह 6 बजे से लेकर 13 सितंबर सांय 6 बजे तक पानी की सप्लाई को बंद किया जाएगा। यहां पानी बंद रहने से सेक्टर-42, 43, 44, 45, 46, 47, 48, 49, 50, 51, 52, 53, 54, 55, 56, 57, 58, 59, 60, 61, 62, 63, 64, 65, 66, 67, 69, 70, 71, 72, 73, 74, गांव बादशाहपुर सहित अन्य सेक्टरों में 36 घंटों के लिए पानी की आपूर्ति नहीं होगी।
यहां के निवासियों को 12 और 13 सितंबर को पानी का सावधानीपूर्वक उपयोग करने की सलाह दी गई है। इस दौरान पानी का उपयोग कम से कम करें और जमा करके रखें। बता दें कि वाटिका चौक पर 825 मीटर अंडरपास का निर्माण 109 करोड़ रुपये की लागत से हो रहा है। इस अंडरपास का 80 फीसदी काम पूरा हो चुका है। अगले दो महीनों में अंडरपास का काम पूरा होने की उम्मीद है।