फोटो ..
-
सीवेज ओवरफ्लो की समस्या को लेकर सड़क पर उतरे ओमनगर के लोग
सीवेज की गंदगी, बिजली के लटके तारों और कटौती से परेशान हैं निवासी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। ओम नगर के निवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं को लेकर खांडसा रोड को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने नगर निगम के खिलाफ नारे लगाए। ओम नगर की गलियों में सीवेज के ओवरफ्लो के कारण गंदगी फैलने, बिजली के लटके तार, बिजली कटौती जैसी कई दिक्कतों का सामना लोग कर रहे हैं। नगर निगम के कार्यकारी अभियंता मौके पर बुलाकर सीवेज सफाई कराने और सीवेज लाइन के अधूरे काम पूरे कराने के वादे के बाद लोग सड़क से हटे।
इंफ्रास्ट्रक्चर से संबंधित रोजमर्रा की दिक्कतों से त्रस्त लोगों ने सुबह 8.30 बजे खांडसा रोड को जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने करीब 2 घंटे जाम लगाए रखा। ट्रैफिक पुलिस ने इस दौरान रूट में बदलाव कर दिए। मौके पर स्थानीय शिवाजी नगर थाने से पुलिस पहुंची। इसके बाद नगर निगम के स्थानीय अधिकारियों को बुलाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने कुछ काम शुरू कराया और कुछ कराने का भरोसा दिलाया तब लोगों ने जाम खत्म किया।
सड़क जाम कर रहें प्रदर्शनकारियों ने बताया कि नगर निगम ने कई जगह गड्ढे खोद कर छोड़ दिए हैं, जहां सीवेज की गंदगी बहती रहती है। इस इलाके में बहुत ज्यादा बिजली कटौती होती है। बिजली इंफ्रास्ट्रक्चर को सबल नहीं बनाया गया है, इस कारण फाॅल्ट आते रहते हैं।