गुरुग्राम। सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) का क्षेत्रीय संकार्य प्रभाग अगस्त 2026 में गुरुग्राम में कई महत्वपूर्ण राष्ट्रीय नमूना सर्वेक्षण करेगा। ये सर्वेक्षण फरीदाबाद के उप-क्षेत्रीय कार्यालय के अधिकार क्षेत्र में किए जाएंगे। इन सर्वेक्षण में आवधिक श्रम बल सर्वेक्षण (पीएलएफएस), असंगठित क्षेत्र उद्यमों का वार्षिक सर्वेक्षण (एएसयूएसई) और राष्ट्रीय घरेलू आय सर्वेक्षण (एनएचआईएस) शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, माइग्रेशन विवरण सर्वेक्षण, अखिल भारतीय ऋण और निवेश सर्वेक्षण (एआईडीआईएस) और कृषि परिवारों के स्थिति आकलन सर्वेक्षण (एसएएस) भी किए जाएंगे। आंकड़ों का संकलन गुरुग्राम जिले के चयनित ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से होगा। इनमें गुरुग्राम नगर निगम, भोंडसी, गढ़ी हरसरू जैसे शहरी क्षेत्र शामिल हैं। उदयपुरी, पलासोली, नूरपुर झाड़सा, हालियाकी, शिकोहपुर, लखनोला और सकतपुर जैसे गांव भी चयनित क्षेत्रों में हैं। इन आंकड़ों का उपयोग रोजगार, असंगठित क्षेत्र के उद्यमों और घरेलू आय के मूल्यांकन के लिए होगा। ब्यूरो