गुरुग्राम। दिवाली के बाद गुरुग्राम की आबोहवा खराब हो गई है। शहर का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 345 के पार पहुंच गया है। प्रदूषण कम करने के लिए नगर निगम ने पानी के छिड़काव की रफ्तार बढ़ा दी है। निगम की टीमें सड़कों, मुख्य मार्गों और धूल उड़ने वाले संवेदनशील स्थानों पर पानी का छिड़काव कर रही हैं। निर्माणाधीन साइटों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है, ताकि निर्माण गतिविधियों से धूल न फैले। प्रदूषण नियंत्रण के लिए एक विशेष अभियान चलाया जा रहा है। निगम अधिकारियों ने प्रदूषण फैलाने वाले कारणों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। खुले में निर्माण सामग्री रखने और मलबा फैलाने जैसी गतिविधियों पर भी नजर रखी जा रही है। हालांकि, केवल पानी का छिड़काव ही पर्याप्त नहीं है। प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए निर्माण स्थलों, सड़कों और खुले में कचरा जलाने पर सख्ती जरूरी है। अतिरिक्त आयुक्त रवींद्र यादव ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए प्रदूषण अधिक होने वाले प्वाइंट पर जल छिड़काव बढ़ा दिया गया है। निर्माणाधीन साइट से लेकर अन्य स्थानों पर नजर रखी जा रही है। प्रदूषण रोकने के इंतजाम किए जा रहे हैं। ब्यूरो