गुरुग्राम। जिले के स्कूलों में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों में योग के प्रति जागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सामूहिक योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। इसके लिए स्कूल शिक्षा विभाग ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों और स्कूल प्रमुखों को तैयारी पूरी करने के निर्देश दिए हैं। हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार, 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के तहत सभी सरकारी स्कूलों में कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योग गतिविधियां करवाई जाएंगी। इन कार्यक्रमों में विद्यार्थियों के साथ-साथ शिक्षक और अन्य स्टाफ भी हिस्सा लेंगे। विभाग का उद्देश्य है कि अधिक से अधिक लोग योग से जुड़ें और नियमित योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं। संवाद