हत्या के बाद धनकोट नहर में फेंक दिया था शव
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। राजेंद्रा पार्क थाना क्षेत्र की धनकोट नहर में मिले युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर सुलझा लिया है। युवक की हत्या उसकी प्रेमिका ने अपने पति के साथ मिलकर की थी। हत्या के बाद शव को बोरे में बांधकर धनकोट नहर में फेंक दिया था। पुलिस ने आरोपी दंपती को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार सोमवार को पुलिस को सूचना मिली कि एक अज्ञात युवक का शव धनकोट नहर के जाल में अटका हुआ है। इस पर पुलिस द्वारका एक्सप्रेसवे सेक्टर-99 में नहर के निकट पहुंची। पुलिस को मौके पर नहर सफाई कर्मचारी ने बताया कि वह सुबह नहर के जाल से कचरा निकाल रहा था। इस दौरान एक बोरा जाल में रुका हुआ दिखाई दिया। उसने फावड़े से उसे हटाने का प्रयास किया तो बोरा खुल गया इसमें एक अज्ञात व्यक्ति का शव था।
पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने के लिए आसपास के थानों से गुमशुदा लोगों की जानकारी मांगी। पता चला कि सेक्टर-10 से एक युवक लापता है। पुलिस ने उसके परिजनों से शव की पहचान कराई। शव का चेहरा खराब हो चुका था। ऐसे में परिजनों ने मृतक के हाथ पर गुदे पीवीकेवाई से उसकी पहचान पुष्पेंद्र के रूप में की। 38 वर्षीय पुष्पेंद्र मूल रूप से यूपी के फिरोजाबाद का रहने वाला था, जो यहां एक कंपनी में काम करता था। मामले में फर्रुखनगर क्राइम ब्रांच के प्रभारी एसआई अमित कुमार की टीम ने कार्रवाई करते हुए वारदात को अंजाम देने वाले दंपती को सरस्वती एनक्लेव, गुरुग्राम से काबू कर लिया। आरोपियों की पहचान 30 वर्षीया नीलम व उसके पति यूपी के एटा निवासी 34 वर्षीय रामनिवास के रूप में हुई। जो सरस्वती एनक्लेव में रहते हैं।
रात दो बजे प्रेमी को मिलने बुलाया
आरोपियों से पूछताछ में पता चला है कि आरोपी रामनिवास ऑटो चलाने का काम करता है। जबकि उसकी पत्नी नीलम व पुष्पेंद्र एक ही कंपनी में काम करते थे। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए थे। रामनिवास को जब इसका पता चला तो उसने नीलम के साथ मिलकर पुष्पेंद्र की हत्या करने की योजना बनाई। योजना के तहत नीलम ने बीती 8 जून को पुष्पेंद्र को रात दो बजे अपने कमरे पर बुलाया। पुष्पेंद्र के पहुंचने पर नीलम ने अपने पति रामनिवास के साथ मिलकर उसके मुंह में कपड़ा डालकर गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उन्होंने शव को एक बोरे में बांध दिया। इसके बाद रामनिवास शव को अपने ऑटो रिक्शा में रखकर ले गया और धनकोट नहर में फेंक दिया। पुलिस से बचने के लिए इन्होंने उसी दिन अपना किराये का कमरा भी बदल लिया था।
पत्नी से पूछा- प्रेमी के साथ रहना चाहती हो या पति के
पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि पति ने हत्या से पहले पत्नी से पूछा था कि वह प्रेमी के साथ रहना चाहती है या पति के। जब उसने कहा कि वह पति के साथ रहेगी। इसके बाद उसने पत्नी के साथ मिलकर प्रेमी को कमरे पर बुला कर हत्या को अंजाम दिया । आरोपी पति ऑटो चालक था। जिसे सभी रास्तों की जानकारी थी। इसलिए ऐसे रास्ते का इस्तेमाल किया। जहां पर भीड़भाड़ कम रहती है।