मानेसर। मानेसर नगर निगम क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए संयुक्त आयुक्त हितेंद्र कुमार ने एक समीक्षा बैठक की। यह बैठक गुरुवार को नगर निगम कार्यालय में हुई। बैठक में उन्होंने सहायक सफाई निरीक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वे अपने-अपने वार्डों में सुबह और शाम सफाई व्यवस्था पर सख्त निगरानी रखें। खुले में कूड़ा डालने वालों, कूड़ा जलाने वालों और सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग करने वालों के खिलाफ नियमित चालान किया जाए। सफाई कार्यों से संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए उन्होंने कहा कि सभी वार्डों में 100 प्रतिशत डोर टू डोर कूड़े का संग्रहण सुनिश्चित किया जाए। खुले में कूड़ा जलाने की प्रवृत्ति पर संयुक्त आयुक्त ने कहा कि इससे न केवल पर्यावरण प्रदूषित होता है, बल्कि स्वास्थ्य संबंधी बीमारियों का खतरा भी बढ़ता है। उन्होंने कहा कि अचानक निरीक्षण में अगर कोई कमी मिलेगी, तो जुर्माना लगाया जाएगा और कार्रवाई की जाएगी। संवाद