गुरुग्राम । दिल्ली बडोदरा पुल का निर्माण कर रही कंपनी के गार्ड से छह लोगों ने मारपीट करके साइट से करीब सवा लाख का सामान लूट लिया। आरोपी तलवार व बंदूक साथ लिए हुए थे। कंपनी प्रबंधक की शिकायत पर सोहना थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया है। मामले की जांच सीआईए सोहना कर रही है। उसे नूंह के किसी गैंग के होने का अंदेशा है। पुलिस के अनुसार , एप्को इंफ्राटेक प्राइवेट कंपनी के अधिकारी भूपेंद्र ने बताया कि कंपनी दिल्ली बडोदरा हाईवे का निर्माण कर रही है । उन्होंने बताया कि कंपनी का कैंप साचोली गांव में है । साचोली गांव के जंगल में बन रहे रोड के पीलरों के नीचे लोहे का सामान रखा जाता है । रखवाली के लिए लेबर आस- पास ही टीन के बूथ में रहती है और रात्रि के लिए गार्ड भी तैनात हैं । उन्होंने बताया कि साचोली गांव के साथ चैनल 11-900 पर ठेकेदार काम करता है और वहां सामान की देखभाल करने के लिए गार्ड तैनात है। सोमवार रात करीब 11 बजे एक गाड़ी उदाका की ओर से आई । गार्ड ने बताया कि अचानक से गाड़ी में से करीब चार लोग और दो लोग टीन के बूथ के पीछे से आए और गार्ड को बंदूक दिखा कर मारपीट करने लगे । पीड़ित ने बताया कि उन लोगों ने फोन भी तोड़ दिया और वहां पर पड़ी केबल, सटरिंग की प्लेट आदि को उठाकर ले गए ।