गुरुग्राम। ब्रिक्स के विस्तार के साथ सदस्य देशों के बीच बढ़ रहे आर्थिक और व्यापारिक सहयोग से गुरुग्राम के उद्योगों को कारोबार बढ़ाने का नया रास्ता मिलने की उम्मीद है। जिले के ऑटोमोबाइल और ऑटो कंपोनेंट्स उद्योग के साथ इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रिकल-इलेक्ट्रॉनिक्स, मशीनरी, आईटी, टेक्सटाइल और अन्य एमएसएमई इकाइयां ब्रिक्स देशों में अपने उत्पादों के लिए नए बाजार तलाश सकती हैं। जिले की औद्योगिक संगठनों का मानना है कि आने वाले समय में जिले से इन देशों को निर्यात बढ़ने के साथ विदेशी निवेश और तकनीकी सहयोग के अवसर भी बढ़ सकते हैं। गुड़गांव इंडस्ट्रियल एसोसिएशन (जीआईए) के अध्यक्ष सुमित राव का कहना है कि गुरुग्राम देश के प्रमुख औद्योगिक और ऑटोमोबाइल केंद्रों में शामिल है। यहां तैयार होने वाले ऑटो कंपोनेंट्स, इंजीनियरिंग उत्पाद, मशीनरी, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स उत्पादों की अंतरराष्ट्रीय बाजार में मांग है। ब्रिक्स देशों के साथ व्यापारिक संबंध मजबूत होने से स्थानीय उद्योगों को नए खरीदार और व्यापारिक साझेदार मिल सकते हैं। इससे विशेष रूप से एमएसएमई इकाइयों को अपने कारोबार का दायरा बढ़ाने में मदद मिलेगी। संवाद