पीछे से आ रही बस ने भी मारी साइट, पुलिस ने केस दर्ज किया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। इफको चौक के पास सेक्टर 17 रोड पर खड़ी थार के चालक द्वारा अचानक गेट खोलने से ओला बाइक चालक की मौत हो गई। बाइक चालक अचानक खुले थार के दरवाजे से टकराकर पास से गुजरती एक बस से जा टकराया। घायल युवक को तत्काल ही अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उपचार के दौरान ही उसकी मौत हो गई। सेक्टर 17-18 थाना पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर थार संख्या के आधार पर उसके चालक के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार इफको चौक के पास सेक्टर-17 की ओर सड़क किनारे खड़ी थार कार के चालक ने अचानक दरवाजा खोल दिया। उसी समय पीछे से आ रहा बाइक टैक्सी राइडर उससे टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसी दौरान पीछे से आ रही रोडवेज बस ने भी उसे साइड मार दी। घायल अवस्था में उसे सेक्टर दस के अस्पताल में दाखिल कराया गया । जहां पर उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
यूपी के कासगंज स्थित नंगला गुलरिया पोस्ट ढोलना बिरहरा निवासी चंद्रभान फिलहाल बसई एंक्लेव में किरायेदार के रूप में रहकर ओला-उबर की टैक्सी चलाता है। उसका 35 वर्षीय भाई लाखन सिंह भी ओला-उबर की बाइक चलाता है। सोमवार शाम को लाखन सिग्नेचर टावर से सुखराली के पास बुकिंग की कॉल आने पर सवारी को लेने जा रहा था। इसी बीच यह हादसा हुआ। पुलिस को छानबीन के दौरान पता चला कि थार चालक की ओर से गलत जगह कार पार्क की गई थी। इसके साथ ही उसके द्वारा लापरवाही से थार का गेट खोल दिया गया। इसी वजह से यह हादसा हुआ।