लोगों ने सड़क, पब्लिक ट्रांसपोर्ट, पेयजल की लाइन और खेड़की दौला टोल हटाए जाने की मांग की
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। अपने मानेसर दौरे के दौरान उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला कई सोसाइटियों और गांवों में पहुंचे। जहां लोगों ने उनका स्वागत किया साथ सोसाइटी से जुड़ी समस्याओं से संबंधित ज्ञापन भी उन्हें दिया। लोगों ने खेड़की दौला टोल हटाए जाने, सोसाइटियों को जीएमडीए की पेयजल की लाइन से जोड़े जाने, सोसाइटियों की मुख्य सड़क से कनेक्टिविटी के लिए अपने रास्ते का अभाव, न्यू गुरुग्राम में पब्लिक ट्रांसपोर्ट की समस्याएं उपमुख्यमंत्री से साझा की। दुष्यंत चौटाला ने कहा कि खेड़की दौला टोल को लेकर कुछ तकनीकी बातें रह गई हैं। दूसरी जगह उन्हें शिफ्ट किया जाना है। एक वैकल्पिक सड़क भी तैयार की गई है। उन्होंने पेयजल की लाइन से सोसाइटियों को जोड़ने के लिए अधिकारियों से बात कर समस्या के हल की दिशा में कार्रवाई का आश्वासन लोगों को दिया।
सेक्टर 82 स्थित सेवेन लैंप्स सोसाइटी में लोगों ने गुलदस्ता देकर उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला का स्वागत किया। सोसाइटी के प्रतिनिधियों ने कई समस्याओं से उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया। उपमुख्यमंत्री सिंकदपुर गांव के लोगों से मिले। लोगों ने अपना मांग पत्र उपमुख्यमंत्री को सौंपा। सेक्टर 90 स्थित रीगल गार्डन सोसाइटी के क्लब में निवासियों से मुलाकात की। लोगों ने विभिन्न समस्याओं बताई। सेक्टर 86 डीएलएफ न्यू टाउन हाइट़्स में लोगों ने उपमुख्यमंत्री को ज्ञापन दिया। चौटाला सेक्टर 93 स्थित स्पेज प्रीवी क्लब पहुंचे। जहां लोगों ने उनका स्वागत किया। सेक्टर 88 स्थित ट्यूलिप सोसाइटी के क्लब में निवासियों से मिले और लोगों की समस्याएं सुनी। गांव हयातपुर, भांगरोला और डीएलएफ प्राइमस में लोगों ने उपमुख्यमंत्री को अपनी समस्याएं बताई। उन्होंने कुछ स्थानीय मुद्दों पर अधिकारियों को निर्देश दिए और अन्य समस्याओं के समाधान का वादा किया।