- जीएमडीए ने एफओबी निर्माण के लिए टेंडर जारी किया, 1.60 करोड़ होंगे खर्च
मनोज धर द्विवेदी
गुरुग्राम। साइबर सिटी का पहला स्टेनलेस स्टील फुट ओवरबिज (एफओबी) दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर नरसिंगपुर में बनेगा। इस पर करीब 1.60 करोड़ रुपये खर्च होंगे। इससे स्थानीय लोगों के साथ कामगारों को एक्सप्रेसवे पार करने में सहूलियतें होंगी। जीएमडीए ऐसे ही 12 एफओबी अलग-अलग जगहों पर बनवाने की योजना रखता है।
दिल्ली-गुरुग्राम एक्सप्रेसवे पर नरसिंगपुर, खाड़सा, खेड़कीदौला और सुखराली समेत आधा दर्जन गांव हैं। इन गांवों का राजस्व एक्सप्रेसवे के दोनों ओर है और दोनों ओर इंडस्ट्रियल एरिया है। ऐसे में हजारों की संख्या में लोगों को एक्सप्रेसवे को पार करना पड़ता है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने एक्सप्रेसवे पर कुछ जगहों पर एफओबी बनवाया है लेकिन उसकी संख्या कम है। ऐसे में लोग ग्रिल को तोड़कर कई जगहों से एक्सप्रेसवे को पार करते हैं और वाहनों की चपेट में आने से कई की जान चली जाती है। ऐसे में यातायात पुलिस ने नरसिंगपुर में एफओबी बनाने के लिए जिला यातायात सुरक्षा कमेटी में उठाया था।
अब जीएमडीए ने नरसिंगपुर में एफओबी बनवाने का टेंडर जारी किया गया है। जीएमडीए की ओर से यह पहला स्टेनलेस स्टील का एफओबी बनाया जाएगा। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता आरके मित्तल ने बताया कि यह पहला स्टील का एफओबी होगा। उन्होंने बताया कि इसमें स्वचालित सीढ़ी का भी प्रावधान किया जाएगा। इससे सैकड़ों कामगारों समेत अन्य लोगों को एक्सप्रेसवे को पार करने में मदद मिलेगी। शहर में अन्य जगहों पर बने एफओबी लोहे के बने हुए हैं। ऐसे में उनके रखरखाव में खर्च आता है। स्टील का होने से एफओबी को साफ-सुथरा रखने में मदद मिलेगी।
बता दें कि जीएमडीए शहर के प्रमुख 12 जगहों पर एफओबी बनवाने की योजना रखता है। इसके लिए जीएमडीए ने जगह भी चुन ली है। हालांकि जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा ने अधिकारियों से दोबारा इन जगहों को देखने को कहा है ताकि इसका लाभ ज्यादा लोगों को मिल सके। दूसरा एफओबी बनवाने में किसी प्रकार की दिक्क्त न आए। जीएमडीए के कार्यकारी अभियंता आरके मित्तल ने बताया कि शहर में प्रमुख जगहों पर एफओबी बनवाने की योजना है। इसके लिए कंसलटेंट नियुक्त कर दिया गया है। जगह और मांग के अनुसार कंसलटेंट इसे लेकर विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार कर रहा है। इसके अलावा इफको चौक, शीतला माता, एमजी रोड समेत अन्य जगहों पर बनेंगे।
-
यहां पर बनेंगे एफओबी
जीएमडीए की ओर से इस्लामपुर में मंदिर के पास, यूनिवर्ल्ड सोसाइटी व मालबू टाउन, राजीव चौक के पास, मिलेनियम सिटी मेट्रो स्टेशन, एमजी रोड पर सहारा मॉल, हाईवे पर शंकर चौक, शीतला माता मंदिर, ओल्ड दिल्ली रोड पर मारुति कंपनी के पास एफओबी बनाया जाएगा। इससे इस एरिया में आसपास के लोगों को सड़क पार करने में सहूलियतें मिलेगी। हालांकि सोहना रोड फ्लाईओवर होने से एफओबी उसके नीचे से बनाए जाएंगे। सभी जगहों पर एफओबी में सीढ़ी स्वचालित होगी।
वर्जन
नरसिंगपुर एफओबी स्टेनलेस स्टील का बनाया जाएगा और टेंडर जारी कर दिया गया है। इसे आठ माह में बनवाने का लक्ष्य रखा गया है। शहर में अन्य जगहों पर जरूरत के अनुसार एफओबी का निर्माण कराया जाना है। इस पर काम चल रहा है।
- आरके मित्तल, कार्यकारी अभियंता प्रोजेक्ट एंड ट्रैफिक जीएमडीए