गुरुग्राम। कंस्ट्रक्शन साइट पर काम में गड़बढ़ी के मामले में हस्तक्षेप करना एक कंपनी के सहायक उपाध्यक्ष को भारी पड़ा। दंबग के गुर्गों ने मारपीट व अपहरण करने के साथ ही काम में हस्तक्षेप न करने की धमकी दी है। पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर सेक्टर 40 थाना पुलिस जांच में जुटी है। पुलिस के अनुसार शिकायत सेक्टर-30 के यूनीवर्ल्ड गार्डन सोसाइटी में रहने वाले सुभाषीश पटनायक ने दी है। वह गोदरेज प्रॉपर्टीज लिमिटेड में बतौर सहयोगी उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत है। 25 मार्च को वह दिल्ली-जयपुर हाईवे पर स्थित 32 माइल स्टोन से अपनी कार में घर की ओर जा रहे थे। रात करीब साढ़े 9 बजे स्टार मॉल के पास पहुंचे तो सफेद रंग की होंडा सिटी कार ने उनकी कार में टक्कर मारने की कोशिश करते हुए ओवरटेक किया। होंडा सिटी कार शिकायतकर्ता की कार के आगे लगा दी गई। कार से 3 लोग बाहर निकले और सुभाषीश की कार की ओर आने लगे। पीड़ित जब तक कुछ समझ पाता, 3-4 बाइक पर सवार होकर लोग आए और सुभाषीश की कार को घेर लिया। फिर कार का शीशा तोड़कर मारपीट करने लगे। दबंग शिकायतकर्ता को कार से बाहर निकाल डंडे व लात-घूसों से मारने लगे। इतना ही नहीं उसे अपनी होंडा सिटी कार में डाल अपहरण कर लिया और कुछ दूर आगे ले गए। कार में धमकी दी गई कि रवि यादव के काम के बीच में आए तो इससे भी बुरा हाल कर देंगे। फिर कार से उताकर धमकी देकर फरार हो गए। घायल हालत में उन्हें निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां से सूचना मिली तो पुलिस मौके पर पहुंची। मंगलवार को पीड़ित ने थाने आकर बयान दर्ज कराया। सेक्टर-40 थाना पुलिस ने रास्ता रोक मारपीट करने, तोड़-फोड़, अपहरण व धमकी देने का मामला दर्ज किया है। पुलिस सूत्रों की माने तो शुरुआती जांच में मामला कंपनी के किसी काम को लेकर विवाद का है। जिसमें दूसरे पक्ष ने हमला कर मारपीट व अपहरण किया है।