- पीपीपी में बच्चे की जन्म तिथि, बच्चे का स्टेटस और आधार सत्यापन कराने की है जिम्मेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
गुरुग्राम। परिवार पहचान पत्र के साथ बच्चों का डेटा लिंक करने के लिए शनिवार को शिक्षक व्यस्त रहें। शिक्षा निदेशालय ने बच्चों का डेटा लिंक करने के लिए शनिवार व रविवार की छुट्टी पर रोक लगाई है। ऐसे में दो दिन शिक्षक स्कूलों में उपस्थित रहकर बच्चों के पीपीपी का पोर्टल पर अपलोड करेंगे, ताकि पात्र बच्चों को प्रदेश सरकार व शिक्षा विभाग की योजना का लाभ समय पर मिल सके।
निदेशालय के आदेशानुसार छह से 18 साल के बच्चों का डेटा सत्यापन किया जा रहा है। दूसरे शनिवार व रविवार की छुट्टी के दिन शिक्षकों की ड्यूटी लगी हुई है। विभाग परिवार पहचान पत्र में बच्चे की जन्म तिथि, बच्चे का स्टेटस और आधार कार्ड का सत्यापन करवा रहा है। काफी बच्चों के आधार कार्ड और पीपीपी में नाम का मिलान न होने के कारण दिक्कत आ रही है। करीब पांच माह से यह काम चल रहा है। पोर्टल पर बच्चों के डेटा को अपलोड कराने के लिए शिक्षा निदेशालय भी गंभीर है और हर सप्ताह सभी जिलों से रिपोर्ट ली जा रही है। शिक्षकों को सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के साथ ही निजी स्कूलों के बच्चों का डेटा पीपीपी के साथ लिंक करने की भी जिम्मेदारी दी गई है।
राजकीय प्राथमिक शिक्षक संघ गुरुग्राम के जिला प्रधान दुष्यंत ठाकरान ने बताया कि परिवार पहचान पत्र को पोर्टल पर आधार से लिंक किया जा रहा है। बच्चों के अभिभावकों के मोबाइल नंबर पीपीपी से लिंक हैं। ऐसे में उनकाे कॉल करते हैं तो कई अभिभावक कॉल नहीं उठाते। तो काफी अभिभावक आधार नंबर व परिवार पहचान पत्र के बारे में जानकारी देने में आनाकानी करते हैं। अभिभावकों को डर है कि कहीं उनके साथ कोई ऑनलाइन फ्रॉड ना हो जाए। ऐसे में डेटा का सत्यापन करके पोर्टल पर अपलोड करने में दिक्कत आ रही है। दुष्यंत ठाकरान का कहना है कि छुट्टी के दिन भी गैर शैक्षणिक कार्य कराकर शिक्षकों को व्यस्त रखा जा रहा है, जबकि छुट्टी के दिन शिक्षक अपने घरेलू कार्य निपटाने के लिए समय निकालते हैं।
वर्जन
शिक्षा निदेशालय के आदेशानुसार शनिवार व रविवार के दिन शिक्षकों को पोर्टल पर डेटा अपलोड करना है। सरकारी स्कूलों के साथ ही निजी स्कूलों के बच्चों के पीपीपी व आधार नंबर को पोर्टल पर लिंक करना है।
- सरोज दहिया, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, गुरुग्राम।