गुरुग्राम। प्री बोर्ड परीक्षाओं से पहले स्कूलों में छात्रों को उत्तरपुस्तिका सही तरीके से भरने के बारे में बताया जा रहा है। छात्रों को बताया गया कि उत्तरपुस्तिका ठीक तरह से न भरने पर सही जवाब होने के बाद भी अंक कट सकते हैं। कक्षाओं में रोल नंबर, प्रश्न संख्या और अन्य जानकारी भरने पर जोर दिया जा रहा है। साथ ही यह भी बताया जा रहा है कि जवाब साफ और सीधे लिखें, ज्यादा कटिंग न करें और हर सवाल का जवाब क्रम में लिखें। सिविल लाइन स्थित राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के प्रधानाचार्य जोगिंदर ने बताया कि उत्तरपुस्तिका में ज्यादा कटिंग, ओवरराइटिंग और इधर-उधर जवाब लिखने से नुकसान होता है। इसलिए छात्रों को समय का सही उपयोग करने और अंत में उत्तरपुस्तिका जांचने की आदत डलवाई जा रही है। संवाद