दो दिन पहले साड़ी चोरी करने के संदेह में हुई बहस के बाद सुरक्षागार्ड की गोली मार कर हत्या करने वाले आरोपी को सीआईए सिकंदरपुर की टीम ने गिरफ्तार कर एक दिन की पुलिस रिमांड पर लिया। पूछताछ पूरी होने के बाद पुलिस ने बृहस्पतिवार को अदालत में पेश किया। जहां पर उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भोंडसी जेल भेज दिया है।
पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल होने वाली लाइसेंसी राइफल भी बरामद कर ली है। पूछताछ के दौरान इस बात का खुलासा हुआ है कि साड़ी के बारे में बात करने पर मृतक सुरक्षागार्ड ने आरोपी को थप्पड़ मार दिया था। इसी का बदला लेने के लिए उसने राइफल से उसे गोली मार दी थी। एसीपी अपराध वरुण दहिया ने बताया कि गांव नाथूपुर में किराए पर रहने वाले दो सुरक्षागार्डों में से एक अजय सिंह की पत्नी ने दूसरे सुरक्षा गार्ड पिंटू कुमार (उम्र 29 वर्ष) पर उसकी साड़ी चोरी करने की बात अपने पति को बताई थी।
साड़ी चोरी करने की बात को लेकर दोनों सुरक्षागार्डों अजय सिंह व पिंटू कुमार का आपस में झगड़ा हो गया। इसी दौरान अजय सिंह ने अपनी लाइसेंसी राइफल से पिंटू कुमार पर फायर कर दिया। घायल पिंटू को उपचार के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया था। जहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया था। पुलिस ने मृतक के साथी व घटनास्थल पर बीच-बचाव करने वाले अशोक कुमार के बयान पर केस दर्ज कर लिया। इसके बाद सिकंदरपुर सीआईए के प्रभारी इंस्पेक्टर नवीन कुमार की टीम ने वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी अजय सिंह (50 वर्ष) को यू-ब्लॉक नाथूपुर, गुरुग्राम से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद करने के अलावा उसका आर्म्स लाइसेंस भी कब्जे में लिया है।