बिल्डर ने वरिष्ठ नगर योजनाकार को प्रस्तुत की कार्य योजना
डीटीपी प्रवर्तन सहित दो खरीदार हर महीने साइट पर जाकर काम देखेंगे
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। तय समय पर पूरा नहीं हुए सेक्टर-78 स्थित सुपरटेक बसेरा प्रोजेक्ट के लिए खरीदारों की शिकायत पर वरिष्ठ नगर योजनाकार (एसटीपी) की फटकार के बाद बिल्डर ने कार्ययोजना प्रस्तुत की है। इसमें दिसंबर 2023 तक निर्माण पूरा करके खरीदारों को उनके फ्लैट सौंपने को कहा है। एसटीपी ने डीटीपी प्रवर्तन के साथ दो खरीदारों की तीन सदस्यीय एक कमेटी गठित की है। यह कमेटी प्रत्येक महीने साइट पर जाकर निर्माण कार्य की प्रगति की रिपोर्ट देगी।
सुपरटेक बसेरा प्रोजेक्ट सन 2014 में शुरू किया गया था और सन 2019 तक पूरा करके खरीदारों को फ्लैट सौंपने थे। गठित की गई कमेटी में शामिल धीरज बत्रा कहते हैं कि करीब 8 एकड़ के इस प्रोजेक्ट में 14 टावर हैं। इनमें 1895 फ्लैट हैं। अभी सिर्फ एक और दो टावर बनकर तैयार हैं। अन्य टावर तैयार नहीं हुए हैं। वह कहते हैं कि खरीदार जितना पैसा दे चुके हैं उसके मुताबिक 50 फीसदी काम भी नहीं हुआ है। 13 और 14 यह दो टावर तो बने भी नहीं है। सन 2019 में फ्लैट देने थे। मान लिया जाए कि कोविड के चलते काम प्रभावित हुआ, तब भी यह फ्लैट सन 2021 या 2022 तक दे दिए जाने चाहिए थे।
यह सभी मामले एसटीपी संजीव मान के समक्ष पिछले दिनों हुई बैठक में रखे गए थे। इस बैठक में सुपरटेक लिमिटेड की ओर से सुधीर कुमार चौधरी, नेहा गौर और दिलीप कुमार चौधरी मौजूद थे। जबकि खरीदारों की ओर से मोहन गंभीर, राजीव कालरा, सनातन, गोपाल कृष्णन, गौतम प्रसाद, अंशुमन सिंह आदि मौजूद थे। बैठक में यह भी तय हुआ कि बिल्डर बिना ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट हासिल किए आवंटियों को कब्जा नहीं देगा।