बादशाहपुर। इनिशिएटिव फॉर रिसर्च एंड इनोवेशन इन नेशनल साइंस फेयर में गुरुग्राम की छात्रा सुहानी गुप्ता ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शहर का नाम रोशन किया है। सेक्टर-46 स्थित निजी स्कूल की कक्षा 11वीं की छात्रा सुहानी गुप्ता ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का परिचय देते हुए आईआरआईएस इंटरनेशनल साइंस फेयर में सर्वश्रेष्ठ प्रोजेक्ट का पुरस्कार हासिल किया। सुहानी का मॉडल टॉप-15 गोल्ड मेडल विजेताओं में शामिल रहा। यह राष्ट्रीय विज्ञान मेला नई दिल्ली में आयोजित किया गया, जिसमें देशभर से चयनित प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने भाग लिया। एमिटी इंटरनेशनल स्कूल की प्रधानाचार्या डॉ. आरती चोपड़ा ने बताया कि सुहानी गुप्ता का चयन भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग द्वारा संचालित इंस्पायर अवॉर्ड-मानक योजना के अंतर्गत हुआ। विज्ञान मेले में देशभर से चुने गए 59 उत्कृष्ट प्रोजेक्ट प्रस्तुत किए गए, जिनमें सुहानी का मॉडल सर्वश्रेष्ठ घोषित किया गया। संवाद