गुरुग्राम। 29 से 30 सितंबर को आयोजित एमडीयू अंतर-महाविद्यालय तैराकी प्रतियोगिता 2025 में जिले की बेटी सुदिक्षा ने शानदार प्रदर्शन कर जिले और विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया है। सुदिक्षा ने कुल 11 स्पर्धाओं में भाग लिया जिनमें विभिन्न दूरी की बैकस्ट्रोक, फ्रीस्टाइल, ब्रेस्टस्ट्रोक और बटरफ्लाई शामिल थीं। उन्होंने अपनी अद्भुत प्रतिभा का परिचय देते हुए रिकॉर्ड तोड़ 11 पदक जीते। इनमें 4 स्वर्ण, 6 रजत और 1 कांस्य पदक शामिल हैं। उनके इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के कारण उन्हें प्रतिष्ठित चैंपियनशिप रनर-अप घोषित किया गया। एमडीयू-सीपीएएस, गुरुग्राम के निदेशक प्रो. डॉ. प्रदीप के. अहलावत ने सुदिक्षा की इस सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि सुदिक्षा का यह प्रदर्शन न केवल उनकी कड़ी मेहनत और लगन का प्रमाण है, बल्कि यह साबित करता है कि निरंतर प्रयास और दृढ़ इच्छाशक्ति से असाधारण उपलब्धियां हासिल की जा सकती हैं। संवाद