पूरी तरह कंप्यूटर से लैस होंगी सरकारी कॉलेज की लैंग्वेज लैब
जनरेटर और पावर बैकअप की सुविधा भी कॉलेज में करनी होगी सुनिश्चित
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। सरकारी कॉलेजों में अब लैंग्वेज लैब पूरी तरह से कंप्यूटरीकृत होंगी। इसके साथ ही नई तकनीक से लैस सॉफ्टवेयर भी कॉलेज छात्रों की पहुंच में होंगे। आधुनिक तकनीक के समावेश से नई भाषा सीखने के लिए छात्र प्रेरित होंगे। सभी सरकारी कॉलेज निदेशालय के इस आदेश की पालना दस अक्तूबर तक सुनिश्चित करेंगे।
निदेशालय ने हाल ही में सरकारी कॉलेजों को यह निर्देश जारी किए हैं। इसमें स्पष्ट किया गया है कि लैंग्वेज लैब को पूरी तरह से कंप्यूटर से लैस कर साथ में आधुनिक सॉफ्टवेयर की सुविधा छात्रों को दें। इसके साथ ही नई शिक्षा नीति की जानकारी हासिल करने के लिए इग्नू का फैकल्टी प्रोग्राम भी अध्यापकों को कराना होगा। इसी तरह शिक्षण संस्थान में 24 घंटे पावर बैकअप सुनिश्चित करने के लिए जनरेटर या इनवर्टर की सुविधा भी सुनिश्चित करनी होगी। इसके लिए सरकारी पोर्टल से कॉलेज सीधी खरीद कर सकेंगे।
द्रोणाचार्य राजकीय कॉलेज के प्राचार्य वीरेंद्र अंतिल ने बताया कि कॉलेज छात्रों को सुविधा देने के लिए निदेशालय ने आदेश जारी किए हैं। यह दस अक्तूबर तक सुनिश्चित कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए गए हैं।