गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम ने शुक्रवार को सेक्टर-45 के एक निजी स्कूल में पर्यावरण संरक्षण, ठोस कचरा प्रबंधन और जनस्वास्थ्य पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें लगभग 450 से 500 विद्यार्थियों ने भाग लिया। निगम के संयुक्त आयुक्त डॉ. नरेश कुमार मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में कुल सात विशेषज्ञ वक्ताओं ने जानकारी साझा की, जिनमें मेट्रोपॉलिटन सर्विलांस यूनिट (एमएसयू) के पांच विशेषज्ञ शामिल थे। ठोस कचरा प्रबंधन विभाग के दो प्रतिनिधियों ने भी अपने विचार रखे। एमएसयू विशेषज्ञों ने जनस्वास्थ्य, महामारी विज्ञान निगरानी और मच्छरजनित रोगों की रोकथाम पर विस्तार से बताया। उन्होंने संक्रामक बीमारियों और बचाव संबंधी स्वास्थ्य उपायों की जानकारी दी। ठोस कचरा प्रबंधन प्रतिनिधियों ने कचरे के उचित निस्तारण, पृथक्करण और स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया। जागरूकता सत्रों में डेंगू, मलेरिया, रेबीज, टीकाकरण और व्यक्तिगत स्वच्छता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। ब्यूरो