पलवल। विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच और तार्किक चिंतन विकसित करने के लिए पलवल में विज्ञान शिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण शुरू हुआ। हुद्दा सेक्टर-2 स्थित एक निजी विद्यालय में आयोजित प्रशिक्षण का शुभारंभ अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनन्द ने किया। इसमें जिले के 36 विज्ञान शिक्षक भाग ले रहे हैं। प्रथम एजुकेशन फाउंडेशन, सीमेंस इंडिया और सीमेंस स्टिफ्टुंग की पहल एक्सपेरिमेंटो इंडिया के तहत शिक्षकों को गतिविधियों और प्रयोगों से विज्ञान पढ़ाने की तकनीक सिखाई जा रही है। अतिरिक्त उपायुक्त ने कहा कि विद्यार्थियों को प्रश्न पूछने, प्रयोग करने और स्वयं निष्कर्ष निकालने के अवसर मिलने चाहिए। प्रशिक्षण के बाद शिक्षक विद्यालयों में नियमित विज्ञान गतिविधियां आयोजित करेंगे। इस अवसर पर मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी संदीप कुमार, खंड शिक्षा अधिकारी ओमप्रकाश और जिला निपुण समन्वयक संदीप तेवतिया उपस्थित रहे।संवाद