किट कॉलेज में फुटबॉल चैंपियन में पहुंचीं सीएम की पत्नी
संवाद न्यूज एजेंसी
सोहना। विद्यार्थी देश के निर्माता होते हैं, जो देश को तरक्की दिलाने में अहम भूमिका निभाते हैं। विद्यार्थियों को संवारने में शिक्षकों की भूमिका मुख्य होती है। यह बात हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की उपाध्यक्ष व प्रदेश मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की धर्मपत्नी सुमन सैनी ने कस्बे में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में कही। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि हरियाणा प्रदेश में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। प्रदेश के युवा खेल, शिक्षा, विज्ञान, उद्योग आदि में प्रदेश व देश का नाम रोशन कर रहे हैं। रविवार को भोंडसी स्थित मारुति कुंज में स्थापित किट कॉलेज में फुटबॉल चैंपियनशिप का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता मेजर ध्यानचंद जयंती एवं खेल दिवस के अवसर पर आयोजित की गई है। जिसका आयोजन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद जिला गुरुग्राम द्वारा किया गया है। प्रतियोगिता में कुल 32 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह व सर्टिफिकेट देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर सोहना भाजपा विधायक तेजपाल तंवर, पूर्व मंत्री संजय सिंह, नरेश सैनी, ऊषा प्रियदर्शिनी समेत अन्य लोग मौजूद रहे।