- शहर की 23 बहुमंजिला इमारतों में होना है ऑडिट का कार्य, 10 जुलाई से शुरू होनी थी प्रक्रिया
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर में अलग-अलग क्षेत्रों की 23 सोसाइटियों में होने वाले संरचनात्मक ऑडिट के लिए बिल्डर की ओर से जिला नगर योजनाकार विभाग में ड्राइंग जमा नहीं कराई गई है। इसके चलते ऑडिट का काम शुरू नहीं हो पा रहा है। ऑडिट का काम शुरू नहीं होने से निवासियों में भी रोष है। गत 10 जुलाई से ऑडिट की प्रक्रिया शुरू होनी थी और 45 दिन के अंदर काम पूरा होना था लेकिन अब इसमें देरी हो रही है।
पिछले दिनों जिला प्रशासन ने 23 सोसाइटियों के बिल्डर, ऑडिट करने वाली एजेंसियां और वहां की रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) के साथ मिलकर ऑडिट की रूपरेखा तय की थी। इसमें ऑडिट के लिए 50 फीसदी भुगतान बिल्डर को और 50 फीसदी भुगतान रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) को करना तय हुआ था।
प्रशासन ने शहर की 52 बहुमंजिला इमारतों में विजुअल निरीक्षण के बाद तय किया था कि 23 बहुमंजिला सोसाइटियों में संरचनात्मक ऑडिट की आवश्यकता है। जिन सोसाइटियों का ऑडिट कार्य होना है उनमें सेक्टर-106 गोल्फ एवेन्यू, सेक्टर-71 सीएचडी एवेन्यू, सेक्टर-89 स्थित एनबीसीसी हाइट्स, सेक्टर-106 स्थित पारस देवान, सेक्टर-109 रहेजा अथर्वा, सेक्टर-103 सत्या द हेरमिटेज, सेक्टर-92 रहेजा नवोदय, सेक्टर-37 सी तक्षशिला हाइट्स, सेक्टर-103 अंसल एस्टेला, सेक्टर-83 वाटिका जी-21, सेक्टर-50 वेंबले एस्टेट, सेक्टर-109 एटीएस टोर्मालाइन, सेक्टर-103 इंडिया बुल सेंट्रम पार्क, सेक्टर-85 ओरिस एस्टर कोर्ट, सेक्टर-50 एसएस हैबिसकस, सेक्टर-70 जीपीएल ईडन हाइट्स, सेक्टर-48 पार्श्वनाथ ग्रीन विले, सेक्टर-85 ओरिस कारनेशन रेजीडेंसी, सेक्टर-37 डी बीपीटीपी पार्क सेरेन, सेक्टर-84एसएस कोरल वुड, सेक्टर-84 अलमेरिया सोसाइटी, सेक्टर-57 अलोहा गुड़गांव, सेक्टर-50 नार्थ स्टार अपार्टमेंट शामिल हैं। डीटीपी प्रवर्तन मनीष यादव कहते हैं कि इमारतों की ड्राइंग का इंतजार है। ड्राइंग जमा करने के लिए कहा गया है। इसके बाद ही ऑडिट का काम शुरू होगा।