गुरुग्राम। द्रोण, रेहड़ी, पटरी फेरी कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को निगमायुक्त प्रदीप दहिया से मुलाकात कर रेहड़ी पटरी दुकानदारों का उत्पीड़न बंद करने की मांग की। संगठन के अध्यक्ष चूरामन और कोषाध्यक्ष बलराम कुमार के नेतृत्व में दुकानदारों के प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि गुरुग्राम में सौंदर्यीकरण के नाम पर अतिक्रमण हटाने के बहाने मजबूर रेहड़ी पटरी वालों की रोजी रोटी पर हमला किया जा रहा है। अतिक्रमण हटाने वाले नोडल अधिकारी केंद्रीय पथ विक्रेता आजीविका संरक्षण और विक्रय विनियमन अधिनियम 2014 का उल्लंघन कर रहे हैं। इस अधिनियम में स्पष्ट आदेश है कि जबतक वेंडर को रेहड़ी, पटरी लगाने का स्थान नहीं दिया जाता है तब उसे उस स्थान से नहीं हटाया जा सकता है। इस का उल्लंघन कर रेहड़ी पटरी विक्रेताओं को उजाड़ा जा रहा है। उनका सामान जब्त कर उन्हें भूखे मरने की कगार पर खड़ा किया जा रहा है। प्रतिनिधिमंडल ने निगमायुक्त को बताया कि उन्होंने एमजी रोड, इफ्को चौक, सिकंदरपुर, डीएलएफ और सेक्टर-14 आदि स्थानों पर जाकर पीड़ितों की स्थिति का संज्ञान लिया है। संवाद