नगर निगम ने सन 2017-18 में वेंडर लाइसेंस जारी करने शुरू किए थे
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण तैयारियों में जुटा
अमर उजाला ब्यूरो
गुरुग्राम। शहर के 15 सेक्टरों में बने हुए रेहड़ी मार्केट अंत्योदय मार्केट में बदले जाएंगे। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण इसके लिए आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करेगा। इस योजना में मार्केट के रूप में पक्की दुकानें बनाने का प्रावधान है। इससे पहले रेहड़ी दुकानदारों का नियमन करने के क्रम में सन 2017-18 में वेंडर लाइसेंस जारी करने शुरू किए थे।
पंचकूला के रेहड़ी मार्केट में पिछले दिनों हुई आग लगने की घटना के बाद मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने रेहड़ी दुकानदारों की स्थिति पर विचार किया और उन्हें राहत देते हुए रेहड़ी मार्केट के स्थान पर अंत्योदय मार्केट का निर्माण करने का फैसला लिया। योजना में रेहड़ी मार्केट के स्थान पर अंत्योदय मार्केट के रूप में पक्की दुकानें बनाने का प्रावधान है। प्राधिकरण के मुख्य प्रशासक अजीत बालाजी जोशी ने प्राधिकरण के प्रस्ताव से मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
अंत्योदय मार्केट बनाने के क्रम में प्राधिकरण की जमीनों पर भवन या कोई अन्य प्रकार का निर्माण है और उन पर किसी भी प्रकार की गतिविधियां संचालित हैं, तो ऐसी जमीनों की सूची बनाने के लिए एक कमेटी गठित करना तय हुआ है। शहर में जिन सेक्टरों में अंत्योदय मार्केट बनाना प्रस्तावित है उनमें सेक्टर-4, सेक्टर-14, सेक्टर-15, सेक्टर-31, सेक्टर-32, सेक्टर-38, सेक्टर-40, सेक्टर-46, सेक्टर-47, सेक्टर-51, सेक्टर-52, सेक्टर-55, सेक्टर-56, सेक्टर-44, सेक्टर-34 शामिल हैं।
डिजिटल संपत्तियों का अलग डैशबोर्ड तैयार होगा
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) की सभी संपत्तियों के लिए एक अलग डैशबोर्ड तैयार किया जाएगा, जिस पर संपत्ति का स्थान, मालिक का नाम इत्यादि सभी जानकारियां दर्ज होंगी। संपत्तियों के दस्तावेजों सहित प्राधिकरण का पूरा रिकॉर्ड डिजिटल किया जाएगा।