गुरुग्राम। गैंगस्टर अमन भैंसवाल को अदालत में पेश कर चार दिन के रिमांड पर लेकर एसटीएफ की जांच टीम पूछताछ कर रही है। रिमांड के दौरान अमन के अन्य साथियों और विदेशों में गैंगस्टरों के नेटवर्क के बारे में पूछताछ की जा रही है। ताकि अन्य गैंगस्टरों व बदमाशों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करते हुए उन्हे गिरफ्तार किया जा सके। स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने कुख्यात गैंगस्टर अमन भैंसवाल को अमेरिका से डिपोर्ट कराकर बुधवार की सुबह दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया था। सोनीपत के भैंसवाल कलां गांव निवासी अमन अपराध की दुनिया में करीब 13 वर्षों से सक्रिय है। एसटीएफ हरियाणा के आईजी बी. सतीश बालन ने बताया कि अमन भैंसवाल से विभिन्न मामलों में पूछताछ की जा रही है। अमन से पूछताछ में अपराध से जुड़े कई लोगों के नाम सामने आने की उम्मीद है। पूछताछ में जो जानकारी मिलेगी व तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगामी कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो