सोहना। क्षेत्र की सोहना प्राथमिक कृषि सहकारी समिति इन दिनों बदहाली के दौर से गुजर रही है। आलम यह है कि समिति के पास न तो पर्याप्त स्टाफ है और न ही खाद-बीज रखने के लिए गोदाम। 22 गांवों और 4601 सदस्यों की जिम्मेदारी संभाल रही इस समिति में क्लर्क और सेल्समैन के पद वर्षों से खाली पड़े हैं। वर्तमान में 5 सेल पॉइंट्स (अलीपुर, सांप की नंगली, सोहना, खाईका और खेड़ला) का जिम्मा महज एक सेल्समैन के भरोसे है। समिति की वित्तीय स्थिति भी चिंताजनक है। लोगों पर वर्षों से 4 करोड़ 22 लाख 61 हजार रुपये का बकाया है। हालांकि, विभाग इस वर्ष 75 प्रतिशत वसूली का दावा कर रहा है लेकिन संसाधनों की कमी राह में रोड़ा बनी हुई है। पैक्स मैनेजर मनोज कुमार ने बताया कि गोदाम न होने से खाद और बीज सुरक्षित रखने में भारी परेशानी होती है। सरकार से बार-बार गुहार लगाने के बावजूद अब तक गोदाम के लिए जमीन उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे समिति सी ग्रेड में बनी हुई है। संवाद