बादशाहपुर। समर वेकेशन का सदुपयोग करते हुए एसआरएम विश्वविद्यालय, चेन्नई के तीन छात्रों ने जरूरतमंद बच्चों के बीच शिक्षा की अलख जगाने का प्रेरणादायक कार्य किया। इंजीनियरिंग तृतीय वर्ष के विद्यार्थी एवं गुरुग्राम स्थित सेक्टर-69 निवासी संचित जायसवाल, शौर्य श्रीवास्तव और जागृति दहिया ने छुट्टियों के दौरान तीन सप्ताह तक आर्थिक रूप से कमजोर बच्चों को निशुल्क शिक्षा प्रदान की। विद्यार्थियों ने डीएलएफ एंगेज स्वयंसेवा कार्यक्रम के तहत बगिया एजुकेशन स्कूल में प्रतिदिन पहुंचकर बच्चों को गणित, विज्ञान, अंग्रेजी और सामान्य ज्ञान जैसे विषय पढ़ाए। संचित जायसवाल और उनके साथियों ने कहा कि यदि विद्यार्थी अपनी छुट्टियों का कुछ समय सामाजिक कार्यों के लिए समर्पित करें तो अनेक जरूरतमंद बच्चों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है। इस पहल की स्कूल की प्राचार्य बासूरी उपाध्याय ने सराहना करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास बच्चों में सीखने की नई प्रेरणा पैदा करते हैं। वहीं, संजीव अरोड़ा, स्वाती, आनंद कुमार, मुरारी शर्मा, राजकुमार सैनी और आरके जायसवाल सहित अभिभावकों ने भी छात्रों की इस पहल की प्रशंसा की। संवाद