बादशाहपुर। कादरपुर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के परेड ग्राउंड में आयोजित पांच दिवसीय अंतर थियेटर क्विक एक्शन टीम प्रतियोगिता का रविवार को समापन हुआ। इसमें श्रीनगर सेक्टर विजेता बना, कश्मीर परिचालन सेक्टर उप-विजेता और सिपाही/जीडी शिव ओरांव ने जीती चीता ट्रॉफी। प्रतियोगिता का 20 जनवरी को विस्तृत ब्रीफिंग के साथ शुभारंभ हुआ। इस प्रतियोगिता में सीआरपीएफ के तीन प्रमुख थियेटरों (एलडब्ल्यूई, नॉर्थ ईस्ट, और जम्मू व कश्मीर) की कुल छह टीमों ने हिस्सा लिया। इसमें छत्तीसगढ़ सेक्टर, ओडिशा सेक्टर, मणिपुर एवं नागालैंड सेक्टर, जोरहाट परिचालन सेक्टर, श्रीनगर सेक्टर, कश्मीर परिचालन सेक्टर शामिल रहे। इस अवसर पर रविन्द्र एमएल (डीआईजी, कोबरा स्कूल), परमा शिवन (डीआईजी, ग्रुप केन्द्र), विजय सिंह खटाना (कमांडेंट प्रशासन), और साधु सरण यादव (कमांडेंट प्रशिक्षण) सहित कई वरिष्ठ अधिकारी और जवान उपस्थित रहे। संवाद