गुरुग्राम। सेक्टर-102 स्थित इंपीरियल गार्डन सोसाइटी में इनदिनों खेल महोत्सव मनाया जा रहा है। 21 जून को योग दिवस के साथ सोसाइटी में खेल महोत्सव शुरू हुआ। जुंबा, बुजुर्गो, महिलाओं, बच्चों और युवाओं के लिए अलग-अलग खेल प्रतियोगिताएं इस मौके पर होंगी। आरडब्ल्यूए उपाध्यक्ष सुनील सरीन ने बताया कि इस महोत्सव का समापन 29 जून को पुरस्कार वितरण समारोह के साथ होगा। सोसाइटी में हर सुबह विभिन्न किस्म की प्रतियोगिताएं हो रही है। शनिवार को सामूहिक योग, जुंबा और पुरुषों की क्रिकेट प्रतियोगिता से कार्यक्रम शुरू हुआ। रविवार की सुबह बैडमिंटन, स्वीमिंग और लाॅन टेनिस की प्रतियोगिताएं हुईं। खेल महोत्सव में कैरम, स्नूकर, फिटनेस, एक किमी वॉक, शतरंज, बैडमिंटन, क्रिकेट, टेबल टेनिस, लॉन टेनिस, रस्साकशी, रेस, थ्री लेग रेस, फन गेम्स जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। ब्यूरो